रिम्स-2 विवाद: इरफान अंसारी का भाजपा पर वार | “जनता अस्पताल चाहती है और भाजपा बीमारी”

रांची। नगड़ी में प्रस्तावित रिम्स-2 अस्पताल को लेकर शुरू हुए राजनीतिक विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है। सोमवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की मंशा विकास कार्यों को रोकने और जनता को गुमराह करने की है।

“अस्पताल रोकने की साजिश”

डॉ. अंसारी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने बाहरी लोगों को बुलाकर नगड़ी में विरोध प्रदर्शन कराया, ताकि अस्पताल का निर्माण रुक जाए। उन्होंने कहा –

“यह जनता का आंदोलन नहीं, बल्कि भाजपा की चाल थी। असली मकसद था झारखंड की शांति और विकास को पटरी से उतारना।”

अधिकारियों पर पथराव, भाजपा पर हमला

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विरोध के दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घायल हुए, यह इस बात का सबूत है कि भाजपा विकास विरोधी राजनीति कर रही है। उन्होंने तीखे लहजे में कहा –

“जनता अस्पताल चाहती है, लेकिन भाजपा बीमारी। भाजपा का इतिहास रहा है कि यह बाहरी गुंडों को बुलाकर माहौल बिगाड़ती है।”

“जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़”

डॉ. अंसारी ने सवाल उठाया कि जब झारखंड की जनता बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरस रही है, तब भाजपा अस्पताल निर्माण का विरोध क्यों कर रही है। उन्होंने इसे “जनता विरोधी और लोकतंत्र विरोधी सोच” करार दिया।

चंपाई सोरेन माफी मांगें

स्वास्थ्य मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि चंपाई सोरेन को जनता के साथ विश्वासघात और इस उपद्रव के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही मुख्यमंत्री से मांग की कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।

“विकास का पहिया नहीं थमेगा”

इरफान अंसारी ने स्पष्ट किया कि भाजपा चाहे जितनी बाधाएं खड़ी करे, झारखंड में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और विकास का सपना अब किसी कीमत पर रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि जागरूक जनता अब भाजपा के हथकंडों को पहचान चुकी है और राज्य को विकास की राह पर आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×