JPSC 2023 में गिरिडीह के राजीव रंजन ने पहले प्रयास में पाई सफलता

जमुआ (गिरिडीह): झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) सिविल सेवा परीक्षा 2023 के परिणामों में गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड अंतर्गत ग्राम जगन्नाथडीह/मिर्जागंज निवासी राजीव रंजन ने शानदार सफलता प्राप्त कर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी इस सफलता से न सिर्फ उनके परिवार में बल्कि पूरे गाँव और गिरिडीह जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।

राजीव रंजन के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उनके पिता रंजीत कुमार झारखंड निर्माण आंदोलन से जुड़े रहे हैं और वर्तमान में झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष, बीस सूत्री सदस्य, एवं ग्राम पंचायत जगन्नाथडीह के मुखिया हैं। उनकी माता प्रमिला वर्मा पूर्व मुखिया रह चुकी हैं, जबकि बड़ा भाई डॉ. शेखर सुमन जमशेदपुर के महात्मा गांधी मेमोरियल अस्पताल में डॉक्टर हैं और छोटा भाई रवि रंजन शिक्षण के क्षेत्र से जुड़े हैं।

राजीव की शिक्षा की बात करें तो उन्होंने 2014 में संत अरबिंदो कॉन्वेंट स्कूल से 10वीं और 2016 में 12वीं की परीक्षा पास की। इसके बाद उन्होंने बर्दवान विश्वविद्यालय (UIT, Burdwan) से 2016–2020 सत्र में कंप्यूटर इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की। 2020 में उन्होंने Tata Consultancy Services (TCS) में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करना शुरू किया, लेकिन सिविल सेवा में जाने की बचपन की इच्छा के चलते उन्होंने 2023 में नौकरी छोड़ दी और पूरी तरह तैयारी में जुट गए।

राजीव ने इस दौरान JSSC CGL, NABARD, और Central CGL जैसी परीक्षाओं में भी सफलता पाई, लेकिन JPSC 2023 उनका पहला प्रयास था, जिसमें उन्होंने सीधे सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि वह शुरू से ही समाजसेवा से जुड़े रहना चाहते थे और सिविल सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना उनका लक्ष्य है।

राजीव अपनी सफलता का श्रेय अपनी दादी, माता-पिता, भाइयों, मित्रों और सभी शुभचिंतकों को देते हैं। उनकी सफलता पर गिरिडीह जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें कॉल कर बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×