झारखंड की प्रियांशु मिस ग्रैंड इंडिया 2025 फिनाले में, बोकारो से जयपुर तक संघर्ष की कहानी

रांची/बोकारो:
झारखंड की एक बेटी आज पूरे राज्य के लिए प्रेरणा बन गई है। बोकारो के कथारा की रहने वाली प्रियांशु माला चौधरी ने मिस ग्रैंड इंडिया 2025 के फाइनल में अपनी जगह बना ली है। जयपुर में हो रहे इस राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता में वह झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। 13 जुलाई को ग्रैंड फिनाले होगा और अगर वह जीतती हैं तो उन्हें थाइलैंड या वियतनाम में भारत को इंटरनेशनल स्तर पर रिप्रजेंट करने का मौका मिलेगा।

छोटे शहर से बड़े मंच तक
प्रियांशु का सफर आसान नहीं रहा। उनके पिता नरेश प्रसाद चौधरी बोकारो में ऑटो चलाते हैं, जबकि मां वीणा देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद प्रियांशु ने हार नहीं मानी। बोकारो के कार्मेल स्कूल से पढ़ाई करने के बाद उन्होंने रांची यूनिवर्सिटी से कैमिस्ट्री में ग्रेजुएशन किया।

छठ पर्व की प्रस्तुति ने लूटा दिल
11 जुलाई को हुए कल्चरल राउंड में प्रियांशु ने छठ पर्व की महिमा को मंच पर प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने जजों के दिल जीत लिए। इसके अलावा नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड और स्वीमिंग सूट राउंड में भी उनके प्रदर्शन की खूब सराहना हुई।

बचपन का सपना और संघर्ष
प्रियांशु बताती हैं, “बचपन में अखबारों में फैशन की तस्वीरें देखकर इस क्षेत्र में जाने का सपना देखा था। लेकिन परिस्थितियां आसान नहीं थीं। छोटे स्तर की फैशन प्रतियोगिताओं से शुरुआत की। धीरे-धीरे आत्मविश्वास बढ़ता गया।”

उन्होंने मिस इंडिया झारखंड 2024 का खिताब जीता और मिस यूनिवर्स झारखंड 2025 प्रतियोगिता में टॉप 5 में रही थीं।

झारखंड का नाम रोशन करने को तैयार
देशभर के 28 प्रतिभागियों के बीच प्रियांशु आत्मविश्वास से भरी हैं। वह कहती हैं, “हर परिस्थिति में सकारात्मक सोच रखना चाहिए। मैंने संघर्षों में भी सपने देखे और उन्हें पूरा करने की ठानी। अब मैं झारखंड का नाम रोशन करना चाहती हूं।”

फाइनल के लिए समर्थन की अपील
13 जुलाई को फिनाले से पहले प्रियांशु ने झारखंड के लोगों से समर्थन और वोट की अपील की है। उन्होंने कहा कि झारखंड की बेटियां अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×