हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग में कुख्यात अपराधी उत्तम यादव गिरोह की दहशत ने पिछले कई दिनों से व्यापारियों और आम नागरिकों का जीना मुहाल कर रखा था। लेकिन पुलिस की सख्त कार्रवाई ने अब लोगों को राहत की सांस दी है। गोला रोड स्थित श्री ज्वेलर्स दुकान पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले गिरोह के 9 गुर्गों को पुलिस ने धर दबोचा है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इन अपराधियों को रस्सियों से बांधकर सड़क पर परेड कराई। इस कार्रवाई का उद्देश्य आम लोगों में विश्वास और अपराधियों में खौफ पैदा करना था।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
हजारीबाग पुलिस ने यह कार्रवाई संत कोलंबा कॉलेज रोड पर चलाए गए एक विशेष छापेमारी अभियान के दौरान की। डीएसपी अमित आनंद के नेतृत्व में गठित एसआईटी (विशेष जांच दल) ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत संदिग्ध बाइक और कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों के नाम
-
शक्ति गिरी उर्फ साइको टाइगर (गिरोह का सक्रिय सदस्य)
-
मनीष यादव
-
मुकेश कुमार सोनी
-
राहुल कुमार वर्मा
-
शुभम अग्रवाल
-
गोलू कुमार
-
रवि रौशन कुमार
-
नितीश कुमार (बरकट्ठा, रांची से गिरफ्तार)
-
बादल कुमार सिंह (चौपारण)
कब्जे से बरामद हथियार और वाहन
-
2 पिस्टल
-
कई कारतूस
-
7 मोबाइल फोन
-
काली पल्सर बाइक (JH01DE-5443)
-
ग्रैंड विटारा कार (JH01F-8668)
-
लाल गमछा (घटना में प्रयुक्त)
गिरफ्तार अपराधियों के खुलासे
पूछताछ में आरोपियों ने श्री ज्वेलर्स फायरिंग के अलावा हत्या, रंगदारी और लूटपाट की कई घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस के मुताबिक, ये सभी उत्तम यादव के इशारे पर चतरा, हजारीबाग और रांची में संगठित अपराध की योजना बना रहे थे।
सड़क पर परेड और पुलिस का सख्त संदेश
गिरफ्तार अपराधियों को पुलिस ने रस्सियों से बांधकर शहर के मुख्य मार्गों पर पैदल घुमाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने अपराधियों के गले में तख्तियां लटकाई, जिन पर लिखा था:
“मैं अपराधी हूं, अपराध कर पकड़ा गया हूं।”
एसपी अंजनी अंजन ने कहा:
“यह परेड शहरवासियों के बीच विश्वास कायम करने और अपराधियों के मनोबल को तोड़ने के लिए की गई है। हजारीबाग में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”
व्यापारियों ने जताई खुशी
हजारीबाग चैंबर ऑफ कॉमर्स ने अपराधियों की गिरफ्तारी पर पुलिस को धन्यवाद दिया और कहा कि इस कार्रवाई ने व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा लौटाया है। श्री ज्वेलर्स पर गोलीबारी के बाद से ही व्यापारियों के बीच दहशत का माहौल था और उन्होंने हड़ताल कर कानून व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की थी।
उत्तम यादव अब भी फरार
इस गिरोह का सरगना उत्तम यादव अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का कहना है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हजारीबाग पुलिस की यह सख्त कार्रवाई अपराधियों के लिए एक कड़ा संदेश है कि कानून के हाथ लंबे हैं। श्री ज्वेलर्स फायरिंग से दहशत में आए लोग अब राहत की सांस ले रहे हैं। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि उत्तम यादव कब तक पुलिस के शिकंजे में आता है।