रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची में गंभीर जल संकट को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने विशेष रूप से सिल्ली प्रखंड की दुर्दशा को “बेहद चिंताजनक और शर्मनाक” बताया है।
मरांडी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने ‘हर घर जल’ योजना के तहत झारखंड को हजारों करोड़ रुपये की सहायता दी थी, ताकि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा सके। लेकिन, उनके अनुसार, इस योजना की राशि का एक बड़ा हिस्सा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कमीशन के रूप में हड़प लिया।
उन्होंने कहा, “जनता बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है, और भ्रष्टाचारियों की आत्मा काले धन से तृप्त हो रही है। यह सरकार की संवेदनहीनता और भ्रष्टाचार का घिनौना चेहरा है।”
मरांडी ने रांची के उपायुक्त (डीसी) से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की और कहा कि सिल्ली प्रखंड सहित पूरे जिले में जलापूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो भाजपा जनता के साथ मिलकर सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।
जल संकट के इस मुद्दे ने राज्य की राजनीति में एक बार फिर गरमाहट ला दी है और अब देखना होगा कि राज्य सरकार इस पर क्या प्रतिक्रिया देती है।