रांची: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर महिलाओं के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मईयां सम्मान योजना के नाम पर महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ हो रहा है। विधानसभा चुनाव के दौरान हेमंत सरकार ने वोट पाने के लिए 56.61 लाख महिलाओं को इस योजना के तहत ढाई-ढाई हजार रुपये वितरित किए थे। लेकिन अब नियमों और दस्तावेजों की आड़ में लगभग पांच लाख महिलाओं का नाम सूची से हटा दिया गया है, जो कि सीधा मातृ शक्ति का अपमान है।
सुदेश महतो रविवार को हरमू स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में महिला प्रकोष्ठ की उत्तर छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी हमेशा से महिलाओं के हक और अधिकार के लिए लड़ती रही है। जब पार्टी सत्ता में थी, तब पंचायत चुनावों में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई थी, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम था।
महतो ने पार्टी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर इस योजना में हुए अन्याय का पर्दाफाश करें और मातृ शक्ति को पार्टी से जोड़ने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार की नीतियां केवल दिखावे की हैं और उनका मकसद केवल चुनावी फायदा उठाना है।
बैठक को विधायक निर्मल महतो, डॉ. लंबोदर महतो, प्रवीण प्रभाकर, संतोष महतो, विजय साहू, बबीता कुमारी, खुशबू कुमारी, यशोदा देवी और संगीता बारला समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। बैठक में रिंकी कुमारी, प्रियंका शर्मा, सुहानी एक्का, गीता सिन्हा, संजय मेहता, मंटू महतो, दिलीप दांगी समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
आजसू पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़ाई को और तेज करेगी और मईयां सम्मान योजना के नाम पर हो रहे कथित छल को जनता के सामने लाएगी।