रांची: झारखंड में तपती गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार राज्य के कई जिलों में अगले कुछ घंटों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है, जिससे मौसम सुहाना हो जाएगा। इस दौरान वज्रपात का भी खतरा बना हुआ है, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्वी सिंहभूम जिले के कुछ हिस्सों में अगले तीन घंटे के भीतर तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार), मेघ गर्जन, बारिश और वज्रपात हो सकते हैं। आम लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
गिरिडीह में भी मौसम में बदलाव के संकेत
गिरिडीह जिले में भी अगले कुछ घंटों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। यहां भी 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिल सकती है।
राज्य के अन्य हिस्सों में भी वर्षा के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के पश्चिमी भागों को छोड़कर बाकी अधिकांश हिस्सों में आज गरज के साथ बारिश हो सकती है। तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी संभावना है। विभाग ने जनता से अपील की है कि वे मौसम की ताज़ा जानकारी पर नज़र रखें और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न निकलें।
तापमान में गिरावट का अनुमान
आईएमडी के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, उसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
सावधानी ही सुरक्षा
येलो अलर्ट को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से खेतों में काम कर रहे किसानों, खुले में घूम रहे लोगों और निर्माण स्थलों पर कार्यरत मजदूरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।