धनबाद: झारखंड के चिकित्सा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टर अली जैद अनवर ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक असाधारण कार्य कर दिखाया है। उन्होंने एक महिला मरीज के पेट से 7.5 किलोग्राम वजनी स्प्लीन (प्लीहा) ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालकर दो विश्व रिकॉर्ड बनाए हैं। यह अब तक विश्व में किसी महिला से निकाले गए सबसे भारी स्प्लीन ट्यूमर में से एक है।
Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P
इस उपलब्धि पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गहरी खुशी जताई है। उन्होंने कहा, “यह केवल एक डॉक्टर की सफलता नहीं, बल्कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था, प्रबंधन और कार्य संस्कृति की जीत है। डॉ. अनवर ने जो कार्य किया है, वह प्रेरणादायक है और ऐसे डॉक्टरों को सम्मानित करना मेरी प्राथमिकता है।”
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह सफलता झारखंड की बढ़ती चिकित्सा क्षमताओं का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इससे पहले विश्व में किसी महिला से निकाले गए सबसे बड़े स्प्लीन का वजन 2.5 किलोग्राम था, जबकि डॉ. अनवर द्वारा निकाले गए स्प्लीन का वजन 7.5 किलोग्राम है। इस सर्जरी को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए आवेदन भी किया गया है।
डॉ. अंसारी ने कहा, “मैं केवल मंत्री नहीं, बल्कि एक सच्चा स्वास्थ्य सेवक हूं। मेरा उद्देश्य है कि झारखंड के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचे। हम व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। आलोचना से डरता नहीं, बल्कि उसे सुधार का अवसर मानता हूं।”
उन्होंने यह भी दोहराया कि स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ईमानदार और समर्पित डॉक्टरों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि झारखंड की स्वास्थ्य सेवाएं देश में उदाहरण बन सकें।
यह सर्जरी न केवल चिकित्सा की दृष्टि से एक चमत्कार है, बल्कि इससे झारखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा मानचित्र पर एक नई पहचान भी मिली है। डॉ. अनवर की यह ऐतिहासिक उपलब्धि राज्य के लिए गौरव का विषय है।