देवघर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद निशिकांत दुबे ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा कि लगभग 5 लाख से अधिक पाकिस्तानी महिलाएं भारतीय नागरिकों से विवाह कर भारत में बिना नागरिकता के रह रही हैं। दुबे ने इसे आतंकवाद का नया चेहरा बताते हुए कहा कि यह देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।
Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P
निशिकांत दुबे ने अपनी पोस्ट में लिखा, “पाकिस्तानी आतंकवाद का एक नया चेहरा सामने आया है। लगभग 5 लाख से ऊपर पाकिस्तानी लड़कियां भारत में शादी कर हिंदुस्तान में रह रही हैं। आज तक उनको भारत की नागरिकता नहीं मिली है। अंदर घुसे इन दुश्मनों से लड़ना कैसे?”
भाजपा सांसद का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में आतंकवाद को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पाकिस्तान के भविष्य को लेकर बड़ा बयान
देवघर में आयोजित एक कार्यक्रम में निशिकांत दुबे ने पाकिस्तान के भविष्य को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि “2025 के आखिरी महीने तक दुनिया के नक्शे से पाकिस्तान का नामोनिशान मिट जाएगा।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंकवाद के खिलाफ कड़ी नीति की सराहना करते हुए कहा कि सरकार आतंकवादियों को किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है।
दुबे ने आगे कहा कि भारत सरकार पाकिस्तान को चार हिस्सों में बांटने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने चार हिस्सों का उल्लेख किया:
-
बलूचिस्तान
-
पख्तूनिस्तान
-
पंजाब
-
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके)
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि “पीओके भारत का अभिन्न हिस्सा है, जिसे पाकिस्तान ने धोखे से कब्जाया था। अब समय आ गया है कि हम उसे वापस लें।”
विपक्ष पर भी साधा निशाना
अपने बयान में निशिकांत दुबे ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश की सुरक्षा के मसले पर राजनीति कर रहा है जबकि सरकार आतंकवाद के खात्मे के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है।