धनबाद: धनबाद में कोयला वर्चस्व को लेकर एक बार फिर हिंसक झड़प हुई है, जिसमें गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। मामला जिले के ईस्ट बसूरिया ओपी और गोंदुडीह सीमा क्षेत्र के पास का है। गुरुवार देर रात कोयला तस्करों और मजदूरों के दो गुटों में वर्चस्व को लेकर विवाद हुआ, जो बढ़ते-बढ़ते गोलीबारी में बदल गया। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P
वर्चस्व की लड़ाई में बहा खून
सूत्रों के अनुसार, ईस्ट बसूरिया और गोंदुडीह ओपी क्षेत्र में लंबे समय से कोयला तस्करी का अवैध कारोबार चल रहा है। इस कारोबार पर नियंत्रण को लेकर अक्सर दो गुटों के बीच संघर्ष होता रहता है। गुरुवार की रात भी ऐसा ही हुआ, जिसमें ईस्ट बसूरिया ओपी क्षेत्र के कोलडंप स्थित पासवान बस्ती के ललन पासवान को गोली लग गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल ललन पासवान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, ललन की स्थिति खतरे से बाहर है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही ईस्ट बसूरिया ओपी पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल से पूछताछ की। ललन पासवान ने बताया कि कोयला कारोबार को लेकर पहले भी विवाद हुआ था और इसी रंजिश में उस पर हमला किया गया।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर जाकर छानबीन कर रही है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस गोलीबारी के बाद पूरे क्षेत्र में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग भी भयभीत हैं और प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।