होली से पहले ही झारखंड-ओडिशा समेत कई राज्य लू की चपेट में

 झारखंड: होली से पहले ही देश के कई राज्यों में लू का कहर देखने को मिल रहा है। झारखंड, गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। गुजरात और राजस्थान के एक दर्जन से अधिक शहरों में तापमान सामान्य से 8.8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान के 17 शहरों में लगातार दूसरे दिन तापमान 40 डिग्री से अधिक बना रहा।

Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P

महज तीन वर्षों में यह दूसरी बार हुआ है जब मार्च के पहले पखवाड़े में ही लू का प्रकोप देखने को मिला है। 2022 में भी लू का पहला दौर गुजरात में 11 से 19 मार्च के बीच महसूस किया गया था। उस वर्ष होली 8 मार्च को थी।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात, राजस्थान और पश्चिमी तट के कोंकण क्षेत्र में 14 मार्च से तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है, लेकिन लू का सिलसिला जारी रह सकता है। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 13 और 14 मार्च को, ओडिशा में 13 से 16 मार्च के बीच, झारखंड में 14 से 16 मार्च और पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले क्षेत्रों में 18 मार्च को भीषण लू चलने की आशंका जताई गई है।

गोवा में भी गर्मी का कहर, राजकोट सबसे गर्म

12 मार्च को देश के 11 राज्यों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान गुजरात के राजकोट में 42.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.7 डिग्री अधिक है। राजस्थान के बाड़मेर में 40.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक है। वहीं, गोवा के पणजी में तापमान 36.8 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है। जब तापमान 40 डिग्री से अधिक या सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक हो जाता है, तो उसे हीटवेव (लू) की स्थिति माना जाता है। इस बार भी देश के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है।

मध्य भारत में भी गर्मी का प्रकोप

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में कम से कम 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। इसके बाद तापमान स्थिर रहने की उम्मीद है। झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में दिन के तापमान में कम से कम 5 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है। बिहार और झारखंड में 16 मार्च को कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के चलते आने वाले हफ्ते में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।

गर्मी से बचाव के उपाय

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को लू से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने और दोपहर के समय धूप से बचने की सलाह दी है। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को लू से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×