झारखंड में बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात का अलर्ट, कश्मीर जैसी ठंड का अहसास

रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। बीते 24 घंटे में राजधानी रांची, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिले में भारी ओलावृष्टि हुई, जिससे सड़कों और घरों की छतों पर बर्फ की चादर बिछ गई। लोगों ने इस ठंडे मौसम में कश्मीर जैसी फीलिंग का अनुभव किया। वहीं, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

‎Follow the Jharkhand Updates channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VafHItD1SWsuSX7xQA3P

अगले 24 घंटे में तेज बारिश और वज्रपात की संभावना

रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, झारखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) का खासा असर देखने को मिल रहा है। आज राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश के साथ-साथ तेज वज्रपात की आशंका है। बारिश और ओलावृष्टि की वजह से प्रदेश में ठंड बढ़ जाएगी और दिन में भी ठिठुरन का अहसास होगा।

इन जिलों में रहेगा बारिश और वज्रपात का खतरा

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के बोकारो, जामताड़ा, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, रांची, दुमका, रामगढ़, खूंटी और सिमडेगा में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासतौर पर किसानों को ओलावृष्टि से होने वाले नुकसान से बचने के लिए सचेत रहने की सलाह दी गई है।

नामकुम रहा सबसे ठंडा, सरायकेला में सबसे अधिक गर्मी

राज्य के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में सबसे ठंडा इलाका नामकुम रहा, जहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे गर्म जिला सरायकेला रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए विभिन्न जिलों में संभावित तापमान की जानकारी दी है:

  • देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज: अधिकतम 32 डिग्री, न्यूनतम 16 डिग्री
  • कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू: अधिकतम 32 डिग्री, न्यूनतम 15 डिग्री
  • बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला: अधिकतम 30 डिग्री, न्यूनतम 15 डिग्री
  • पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा: अधिकतम 32 डिग्री, न्यूनतम 20 डिग्री

सावधानी बरतें, सुरक्षित रहें

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे वज्रपात को हल्के में न लें। बारिश के दौरान खुले में खड़े न रहें, पेड़ के नीचे शरण न लें और वाहन चलाने से बचें। सुरक्षित स्थान पर रहें और मौसम की जानकारी के लिए अपडेट लेते रहें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

×