झारखंड में शनिवार को मिले 873 नए कोरोना संक्रमित, दो महीने में दस गुना बढ़ी मरीजों की संख्या..

झारखंड में कोरोना वायरस तेजी से पांव पसार रहा है। इसकी वजह से तमाम जिला प्रशासन और सरकार की जींद उड़ गई है। लगातार तीन दिनों तक छह सौ से अधिक नए कोरोना वायरस संक्रमित मिलने के बाद शनिवार को राज्य में 873 नए मामले सामने आए हैं। इनमें सबसे अधिक 472 मामले सिर्फ राजधानी रांची में मिले। शनिवार को राज्य में सात कोरोना मरीजों की मौत हो गई।

राज्य में इससे पहले बीते साल सात अक्टूबर को एक दिन में 829 कोरोना मरीज मिले थे। इसके बाद प्रतिदिन मिलने वाले मरीजों की संख्या घटते चली गई थी।

वहीं इस साल राज्य में 14 मार्च से संक्रमण बढ़ने का जो सिलसिला शुरू हुआ है वो लगातार अभी भी जारी है। सबसे तेजी से रांची और पूर्वी सिंहभूम में संक्रमण बढ़ रहा है। पूर्वी सिंहभूम में भी शनिवार को 101 नए संक्रमित मिले। पूरे झारखंड में सिर्फ गढ़वा ही एकमात्र जिला है जहां कोई नया मरीज नहीं मिला।

दूसरी तरफ, राज्य भर में 161 मरीज स्वस्थ भी हुए। हालांकि शनिवार को राज्य में सात मरीजों की मौत भी हो गई। इनमें रांची के तीन तथा बोकारो, चतरा, धनबाद तथा पूर्वी सिंहभूम के एक-एक मरीज शामिल हैं।

हाल के दिनों में संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ने से राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर अब 4,613 हो गए हैं। इसमें सिर्फ रांची में 2622 एक्टिव मामले हैं। फरवरी के पहले हफ्ते में संक्रमित मरीजों की संख्या घटकर 428 हो गई थी। इस तरह, मात्र लगभग दो महीनों में राज्य में सक्रिय मामले की संख्या दस गुना से भी अधिक बढ़ गई। संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पतालों में एक बार फिर बेड की समस्या हो सकती है। रांची में अभी से ही बेड कम पड़ रहे हैं। यहीं स्थिति पूर्वी सिंहभूम में भी हो सकती है। हालांकि रांची जिला प्रशासन ने निजी अस्पतालों को कोविड मरीजों के लिए बेड की व्यवस्था के लिए दिशा निर्देश दिया है।