RMC का 43 वां स्थापना दिवस मना, 25 सफाई कर्मी सम्मानित..

रांची नगर निगम ने बुधवार को अपना 43 वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस मौके पर नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक समारोह का आयोजन कर कोरोना काल में शहर को साफ सुथरा रखने वाले 25 सफाई कर्मियों को सम्मानित किया। कोरोना से सफाई कर्मी चारू लिडा की मौत हो गई थी। उसकी पत्नी को नगर आयुक्त ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सभी सफाई कर्मियों को शाल ओढ़ाकर नगर आयुक्त के अलावा डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने भी सम्मानित किया।

इस मौके पर बोलते हुए रांची नगर निगम के नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने कहा कि उन्हें निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों पर गर्व है। दूसरी लहर के काल में जब सभी लोग परेशान थे। लोग अपने लोगों की लाशें छोड़ कर चले जाते थे। तब नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें अपने परिवार का सदस्य मानकर उनका अंतिम संस्कार किया। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम के काम को लेकर कभी-कभी आलोचना भी की जाती है। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों को विचलित नहीं होना चाहिए। क्योंकि लोग नाराज उन्हीं लोगों से होते हैं, जिनसे उनकी अपेक्षा होती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम बेहतर तरीके से अपना काम कर रहा है।

वहीं उप महापौर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि नगर निगम का जनप्रतिनिधि होने पर उन्हें गर्व है। यह एक ऐसा संस्थान है जहां जनता सीधे जुड़ी हुई है। नगर निगम शहर को लगातार साफ सुथरा बनाने के प्रयास में लगा हुआ है। अब रांची की एक अलग तस्वीर उभर रही है । रांची अब रमणीक बन रही है। इसके पहले डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने नगर आयुक्त मुकेश कुमार, उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन, उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार, सहायक नगर आयुक्त ज्योति कुमार और उप नगर आयुक्त शीतल कुमारी को शाल ओढ़ाकर व मोमेंटो देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में कोरोना कॉल में अपनी जान गंवाने वाले अपर नगर आयुक्त राजेश कुमार के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस कार्यक्रम में नगर आयुक्त मुकेश कुमार के अलावा उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन, रजनीश कुमार, सहायक नगर आयुक्त शीतल कुमारी, ज्योति सिंह, चीफ इंजीनियर राजदेव सिंह, कार्यालय अधीक्षक मनोज राय, वार्ड के पार्षद, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नरेश राम और नगर निगम के सभी कर्मचारी मौजूद थे।