रांची रेल मंडल के 4 बड़े अधिकारी समेत 220 कोरोना संक्रमित..

रांची रेलमंडल में फील्ड में कार्यरत रेलकर्मचारी भी कोविड से संक्रमित होते जा रहे हैं। रेलवे के कई विभागों में 25 फीसद कर्मचारी कोरोना संक्रमण से पीड़ित हो गए हैं। यदि ऐसी स्थिति रही तो रेलवे के इस अव्यवस्था के कारण रेल परिचालन में समस्या उत्पन्न हो सकती है। लोको पायलट-रनिंग रूम से लेकर टिकट काटने वाले कर्मचारी तक एक-एक कर संक्रमित हो रहे हैं।

रेलवे रांची रेल मंडल के 220 रेलकर्मी कोरोना से पीड़ित हैं। रेल कर्मियों के कोरोना संक्रमित होने का आंकड़ा दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। रेल मंडल के चार बड़े अधिकारी कोरोना पाज़िटिव हो गए हैं।‌‌ इनमें रांची रेल मंडल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिंटेंडेंट सीएस हेंब्रम के अलावा सीनियर डीएसटी और डीएफएम शामिल हैं। गौरतलब है कि रेल कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव होने का सिलसिला लगातार चल रहा है। कई रेल कर्मियों का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। अब तक कई रेलकर्मी कोरोना से दम तोड़ चुके हैं।

आरपीएफ के मुरी पोस्ट के प्रभारी राजेश कुमार तिवारी का बुधवार को कोरोना से निधन हो गया। उनका इलाज रिम्स हॉस्पिटल में चल रहा था। इसके अलावा रांची रेलमंडल में अब तक सात रेल कर्मचारियों की मौत कोविड के कारण हो चुकी है।

रांची रेलमंडल में आरक्षण काउंटर में 16 कर्मचारियों में से चार कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि बुकिंग काउंटर में टिकट कटवाने के लिए आने वाली लोगों की कोविड जांच की सुविधा भी नहीं है। इस वजह से रेल कर्मचारियों के परिवार तक संक्रमण पहुंच गया है।रेलवे के ऑपरेटिंग विभाग में संक्रमितों की संख्या 50 से ऊपर हो गई है। रेलवे कंट्रोल विभाग के छह कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इसलिए कर्मचारियों की भी कमी हो गई है और अन्य कर्मचारियों के ड्यूटी के घंटे भी बढ़ा दिए गए हैं। अब कर्मचारी भी संक्रमण के खतरों को लेकर ड्यूटी करने से कतरा रहे हैं। साथ ही रेल कर्मचारी रेल अधिकारियों की तरह 50 फीसद रोस्टर के नीचे ड्यूटी निर्धारित करने की मांग कर रहे हैं। पूर्व में इस संबंध में लोको रनिंग स्टॉफ एसोसिएशन ने भी डीआरएम को पत्र लिखा था।

दूसरी तरफ दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक संजय कुमार महंती ने रेल कर्मियों के लिए एक अपील जारी की है। इसमें कहा गया है कि दूसरी लहर अत्यंत घातक है। इसलिए रेलकर्मी भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। शारीरिक दूरी बरकरार रखें। मास्क पहने रहें और हाथों को बार-बार साफ करते रहें। उन्होंने कहा कि जो भी रेलकर्मी कोरोना संक्रमित हैं। वह उनके साथ हैं। महाप्रबंधक ने रेल कर्मियों से अपील की है कि वह ‌अस्वस्थ महसूस करने पर अपने को दूसरों से अलग रखें और अपनी तबीयत के बारे में कार्यालय प्रभारी को सूचित करें। ताकि उनका इलाज शुरू कराया जा सके।