झारखंड में एक दिन में मिले 194 कोरोना संक्रमित, डबल म्यूटेंट वायरस ने बढ़ाई चिंता..

राज्य में बुधवार को एक ही दिन में 194 संक्रमित मिले हैं.. इसके बाद से पूरा स्वास्थ्य महकमा सकते में हैं। सबसे बड़ी बात ये है कि एक महीने पहले तक जहां राज्य के 8-10 जिलों में मरीज मिल रहे थे, वहीं बुधवार को इसका प्रसार 20 जिले तक पहुंच चुका है। यहीं नहीं महज चार दिन में मरीजों की संख्या दोगुना से अधिक हो गयी है। पिछले रविवार को राज्य में 83 मरीज मिले थे जबकि बुधवार को यह संख्या 194 पहुंच गई है। बुधवार को केवल रांची में कोरोना के 93 मरीज मिले हैं जबकि एक दिन पहले ही यहां 47 संक्रमित मिले थे।मतलब 24 घंटे में रांची में संक्रमितों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई।

वहीं दूसरी तरफ भारत के लिए चिंता और बढ़ गई है। यहां दोहरे म्यूटेशन वाले वायरस की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि ऐसे दोहरे म्यूटेशन वाले वायरस दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब समेत सात राज्यों में पाए गए है। हालांकि, दोहरे म्यूटेशन की वजह से ही संक्रमण तेजी से फैल रहा है ये फिलहाल कहना अभी मुश्किल है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल के निदेशक सुजीत कुमार ने बताया कि कोविड-19 वायरस में पाए गए पांच म्यूटेशन चिंता का विषय हैं। 11 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में कुल पांच म्यूटेशन पाए गए है। इनमें एन501वाई, ई484के, ई484क्यू, एल452आर और एन440के

दोहरे म्यूटेशन के सबसे ज्यादा 206 मामले महाराष्ट्र में पाए गए हैं| जबकि दिल्ली में ऐसे 9, गुजरात में तीन, पंजाब में दो तथा लद्दाख, जम्मू एवं ओडिशा में एक-एक मामला मिला है| अधिकारियों ने बताया कि इन दोहरे म्यूटेशन वाले वायरस के प्रभाव से क्या बदलाव आ रहा है इस पर अभी अध्ययन हो रहा है।